Skip to main content

फटे नोट का किस्सा

आज सुबह दफ्तर के लिये घर से निकला तो लेट हो गया था, तो सोचा कि चलो आटो ले लिया जाये। एक बार पर्स खोलकर चेक किया कि पर्याप्त पैसे हैं भी या नहीं। पर्स के अंदर से पचास रुपये का एक नोट बाहर झांक रहा था, उसकी मुस्कुराहट देखकर दिल खुश हो गया और सडक से गुजर रहे आटोरिक्शा की तरफ हाथ हिला दिया।
एक एक करके आठ आटो रुके और चले गये लेकिन गंतव्य पर पहुंचाने के लिये कोई भी दिलेर तैयार नहीं हुआ। सुबह का वक्त था और दिल्ली का पारा जान निकाले दे रहा था। खैर एक महाशय जैसे तैसे करके रुके और दफ्तर पहुंचाने के लिये तैयार हो गये। मीटर आन था, सब कुछ दुरुस्त था। मुझे सुकून मिला।
दफ्तर आया तो मैने उन्हे पचास का नोट थमा दिया। मीटर में चालीस रुपये किराया बना था। आटो वाले ने नोट हाथ में लिया, उसकी तह को तफसील से खोला, फिर नोट को बारीकी से जांचा। अचानक उसके चेहरे पर वैसा भाव उभर आया जैसे क्लू मिल जाने पर पेशेवर डिटेक्टिव के चेहरे पर उभर आता है। उसने नोट मुझे वापस कर दिया और बोला बीच में से फटा हुआ है, नहीं चलेगा, सवारी स्‍वीकार नहीं करेगी।
मैने कहा बंधुवर मेरे पास यही जमापूंजी है आप स्‍वीकार कर लीजिये रास्ते में कहीं से चिपका लीजियेगा। उसने बोला ठीक है दस रुपये और दीजिये। मैं थोडा सख्त हुआ तो बोला कि रास्ते में नोट चिपकाने के लिये कुछ खरीदना पडेगा1 खैर जैसे तैसे मोलभाव करके चार रुपये पर सौदा पटाया और बंधुवर आटो वाले को विदा किया।
मुझे लगता है कि दिल्ली के बहुत से लोगों को आटो वालों के इस सरीखे बर्ताव से प्राय: ही गुजरना पडता होगा। यह देश जिस तरह से रामभरोसे चल रहा है, जिस तरह से यहां के सिस्टम में छोटी छोटी तिकडमें जगह पा गई हैं उसे देखकर तो यही लगता है आप कितना भी ढोल पीट लें वह नक्कारखाने में तूती की आवाज जैसा ही प्रतीत होगा। पर क्या करें आदत से मजबूर हैं, ब्लागिंग का सहारा ही बचा है दिल हल्का करने के लिये पर लगता है आने वाले दिनों में इस पर भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं रहने वाली है।

Comments

Popular posts from this blog

कॉलेज का आखिरी दिन

आज बहुत सी यादों को अलविदा कहने का दिन था, मसलन हमारे कॉलेज की लाईब्रेरी को ही ले लीजिए जिसमें न जाने कितने सारे अच्छे पल बिताए हैं, तीन साल तक पल-पल उसके प्यार की सुगबुगाहट को महसूस किया है, कितने सारे एग्जाम्स के नोट्स वहीं पर कलम घिस-घिसकर तैयार किए हैं, कल अपनी इस पुरानी जगह से एक नए रूम में शिफ्ट हो जाएगी। आज आखिरी दिन उसने(लाईब्रेरी ने) बड़ी बेरुखी दिखाई। खैर यह वही कॉलेज है जिसमें प्रो. ओम गुप्ता, महेश सर, शशि नैयर सर, धर सर, अमिय मोहन सर,  और पवन सर जैसे दिग्गजों ने जहां हमारी प्रतिभा को तराशा वहीं पूजा मैम, शिखा मैम, हनी मैम, सुप्रज्ञा मैम, सिल्की मैम व किरण मैम के स्नेह ने हमेशा हमारे लक्ष्य की राह पर हमें अडिग रखा। इसी कॉलेज में अक्षर-अक्षर जोड़ कर हमने टाइप करना और लिखना सीखा, आशुतोष और शुक्ला जैसों के साथ बहुत से गंभीर मुद्दों पर जमकर बहसें भी हुईं। जिंदगी के बहुत से सबक जिनसे शायद भविष्य में दो-चार होना पड़े, वे भी हमें इसी दौरान सीखने को मिले। तो जनाब आज इतनी सारी यादों को अलविदा कहने का दिन था, खैर ऑफिश्यल अनाउंसमेंट(फेरवेल) में अभी समय है, लेकिन मेरे इस दिल पर तो क...

आज कुछ यूं हुआ कि

" यह कविता 'NK' कहलाने वाली उस लडकी के लिये लिखी गई थी जिसकी सुनहरी गहरी आखों में यह कवि अनंत तक डूबे रहने का इच्छुक था... "  आज कुछ यूं हुआ कि बीते समय की परछाईयां यूं ही चली आईं लगा कुछ ऐसा जैसे 'कल’ जिसे हमने साथ जीया था बस पल में सिमट भर रह गया हो। वो जेएनयू का सपाट सा रास्ता तुम्हारी सुगंध से महकता हुआ, नहीं-नहीं, वो तो बासी रजनीगंधा की बेकरार सी एक महक थी! वो कोने वाली कैंटीन की मेज जहां तुम बैठा करती थीं, कुछ झूठे चाय के कप, सांभर की कटोरी वहां अब भी रखे हुए हैं! डीटीसी की बस की कोने की सीट जहां तुम्हारे सुनहरे बाल और आंखे, धूप में चमका करते थे, अब वहां बस मैं अकेला बैठता हूं! वो दिन, जब हम पहली बार मिले थे, वो कूड़े वाला पासपोर्ट, वो बस के बोनट पर बैठ मुस्कुराती सी तुम तुम्हारा साथ, अब सब स्मृति तस्वीर में तुम्हारा साथ न आना दूर दूर चलते जाना वो लंबी बेचैनी , वो तन्हा थे दिन तुम्हारे लिए, मैने उम्मीद को जिंदा बनाए रखा, लगता था मुझे तुम आओगी पास ...

कैरियर, गर्लफ्रेंड और विद्रोह

वैसे तो यह टाइटल युवा कथाकार अनुज जी के कहानी संग्रह और उसमें पहली कहानी का है, लेकिन इस समय जो किस्सा मैं यहां कहने जा रहा हूं, उसके लिए मुझे यह बिल्कुल सटीक लगा। जिन लोगों ने यह कहानी पढ़ी है वो समझ ही गए होंगे कि मैं राजधानी के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के 'विद्रोही जीÓ की बात करने जा रहा हूं। अनुज जी की कहानी भी पीडीएफ के रूप में इस आलेख के आखिर में दे रहा हूं।     रमाशंकर यादव विद्रोही को जेएनयू में गोपालन जी की लाईब्रेरी कैंटीन में बैठे हुए अक्सर देखा जा सकता है। बहुत से नए आने वाले लोग उन्हे पागल के तौर पर ही पहचानते हैं, तो कुछ वामपंथी मित्रों के लिए वे एक ऐसे शख्स हैं जो दुनिया बदलने की कोशिश में दुनिया से ही बेगाने हो गए। विद्रोही से पिछले महीने तक मेरा कोई परिचय नहीं था, उनके बारे में जानने की उत्सुकता तो बहुत हुई, पर कभी उनसे पूछने का साहस नहीं जुटा पाया। अभी कल रात को ही, बीबीसी की वेबसाइट पर उनकी तस्वीर देख और नाम पढ़कर चौंक सा गया। धक्का सा लगा कि यही वो विद्रोही जी हैं, जिनके बारे में काफी कुछ सुना व पढ़ा है। खबर यह है कि पिछले हफ्ते विश्वविद्यालय ...